जय त्रिवेणी जय प्रयाग: संगम किनारे सजी कवियों की महफिल, गौरव चौहान और डॉ. श्लेष गौतम की कविताओं पर झूमे श्रोता
गंगा दशहरा महोत्सव के सातवें दिन महाआरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन; आज टी-सीरीज की प्रसिद्ध गायिका तृप्ति शाक्या बिखेरेंगी सुरों का जादू
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। संगम नगरी में आयोजित ‘जय त्रिवेणी जय प्रयाग’ महोत्सव के सातवें दिन रविवार को पुण्य सलिला मां गंगा की महाआरती और पूजा-अर्चना के बाद कवियों की शानदार महफिल सजी। गंगा किनारे स्थित लेटे हुए हनुमान जी के सामने बने भव्य पंडाल में देश के प्रख्यात कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया, जिसे सुनकर पंडाल में मौजूद श्रोता और गणमान्य नागरिक भावविह्वल हो उठे।
महाआरती और छप्पन भोग के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर रविवार शाम को कार्यक्रम की शुरुआत मां गंगा और भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं भव्य महाआरती के साथ हुई। संस्था ‘जय त्रिवेणी जय प्रयाग’ समिति के माध्यम से मां गंगा को छप्पन भोग और महाप्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष श्री प्रदीप पांडेय ने की। इस धार्मिक व सांस्कृतिक संध्या में मुख्य यजमान के रूप में श्री पी.के. मौर्य, उनकी धर्मपत्नी प्रियंका मौर्य, पुत्र अद्वैत एवं पुत्री राधिका उपस्थित रहे।
इटावा के कवि गौरव चौहान और डॉ. श्लेष गौतम ने लूटी वाहवाही
महाप्रसाद वितरण के बाद शुरू हुए कवि सम्मेलन में इटावा से आए अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि गौरव चौहान ने जैसे ही मंच संभाला, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी ओजस्वी और मधुर काव्य रचनाओं पर लोग देर तक गुनगुनाते रहे।
वहीं, प्रयागराज के स्थानीय कवि डॉ. श्लेष गौतम ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से श्रोताओं की जमकर वाहवाही बटोरी। लखनऊ से आईं कवयित्री हेमा पांडे और वंदना पांडेय ने अपनी कोकिल कंठ आवाज में काव्यपाठ कर संगम किनारे मौजूद सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता और IPS पंकज पांडेय सहित कई अधिकारी रहे मौजूद
धार्मिक और सांस्कृतिक रस से सराबोर इस कार्यक्रम में कई प्रशासनिक और राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की। मुख्य अतिथि के रूप में ओ.डी. फोर्ट के कमांडेंट माहिम शर्मा, विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पंकज पांडेय और अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रयागराज की पूर्व महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नंदी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष प्रदीप पांडेय और मीडिया प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान संस्था के संरक्षक नागेंद्र सिंह, सुमित वैश्य, आशुतोष पालीवाल, अनुराधा त्रिपाठी, सर्वेश शंकर कपूरिहा सहित भारी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

जय त्रिवेणी जय प्रयाग समिति के मीडिया प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि गंगा दशहरा महोत्सव के अगले दिन यानी सोमवार (25 मई) को संगम तट पर एक बेहद खास भजन संध्या का आयोजन होने जा रहा है।
इस कार्यक्रम में टी-सीरीज की सुविख्यात अंतर्राष्ट्रीय भजन गायिका तृप्ति शाक्या, प्रसिद्ध भजन गायक सुराज सिंह (जौनपुर) और टी-सीरीज की ही वाराणसी की उभरती कलाकार अंशिका सोनी अपनी विशेष संगीतमय प्रस्तुतियां देंगी।



+ There are no comments
Add yours