कन्नौज बस हादसा: आगरा टूर से लौट रही कौशांबी के स्कूली बच्चों की बस में ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 4 मासूमों की मौत

1 min read

कन्नौज बस हादसा : आगरा टूर से लौट रही कौशांबी के स्कूली बच्चों की बस में ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 4 मासूमों की मौत

​कन्नौज/कौशांबी (ओजस्वी किरण ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा कन्नौज बस हादसा हो गया, जिसने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कौशांबी जिले के सिराथू स्थित ‘ओरिएंटल पब्लिक स्कूल’ के बच्चों को आगरा शैक्षणिक टूर से वापस लेकर लौट रही बस में एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में 4 मासूम छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक और करीब 30 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कन्नौज बस हादसा में एक्सप्रेसवे पर क्षतिग्रस्त स्कूली बस
कन्नौज बस हादसा : एक्सप्रेसवे पर क्षतिग्रस्त हुई कौशांबी की स्कूल बस।

​कन्नौज बस हादसा : सुबह की गहरी नींद के बीच एक्सप्रेसवे पर मची चीख-पुकार

​यह भयावह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 5:40 बजे कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 209-210 के पास हुई। उस समय बस में सवार ज्यादातर मासूम बच्चे गहरी नींद के आगोश में थे। कौशांबी के अफजलपुर वारी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के करीब 48 से 50 छात्र और 6 शिक्षक दो दिवसीय आगरा भ्रमण के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने स्कूल बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

 इसे भी पढ़ें  :-लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: नींद की झपकी और प्रशासनिक सुस्ती ने ली 6 की जान, 19 घायल, ट्रामा सेंटर रेफर

​मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक, पीड़ित परिवारों को बंधाया ढांढस

​इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही शासन से लेकर प्रशासन तक शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना को अत्यंत दुःखद एवं स्तब्ध करने वाला बताया है। उन्होंने अपने मासूम बच्चों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अपूरणीय क्षति को शब्दों में व्यक्त कर पाना संभव नहीं है। इस दुःख की घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रभु श्रीहरि से दिवंगत मासूम बच्चों की पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की है। साथ ही कन्नौज और कौशांबी के स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस त्रासदी पर गहरा दुख प्रकट किया है।

​तिर्वा मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार, मौके पर डटे आला अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने क्षतिग्रस्त बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और तत्काल कन्नौज के तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी घायलों के उपचार की लगातार निगरानी कर रहे हैं। गंभीर रूप से घायल कुछ छात्रों और प्रधानाचार्य को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार स्वयं मेडिकल कॉलेज और घटनास्थल पर मौजूद हैं। दोनों अधिकारी राहत कार्यों की सीधी कमान संभाले हुए हैं।

​कन्नौज बस हादसा के बाद सुरक्षित बच्चों को भेजा जा रहा घर, ट्रक चालक की तलाश तेज

​प्रशासन ने हादसे में सुरक्षित बचे और प्राथमिक उपचार के बाद स्वस्थ हुए बच्चों को घर भेजने की व्यवस्था की है। इन बच्चों को पुलिस की देखरेख में विशेष वाहनों के जरिए सकुशल कौशांबी उनके परिजनों के पास भेजा जा रहा है। दूसरी ओर, घटना की सूचना कौशांबी पहुंचते ही बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया है। कई चिंतित अभिभावक कन्नौज के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया है। इसके अलावा, टक्कर मारकर फरार हुए ट्रक चालक की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours