सादगी, एकता और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक सरदार पटेल की जयंती पर रालोद ने किया नमन
ओजस्वी किरण ब्यूरों
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में आज भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी नहीं थे, बल्कि वे उस भारत के निर्माता थे जिसकी एकता और अखंडता आज भी हमारे संविधान की आत्मा में बसती है। उन्होंने जिस दृढ़ निश्चय और राजनीतिक दूरदर्शिता से सैकड़ों रियासतों को जोड़कर भारत को एक राष्ट्र बनाया, वह इतिहास का अनुपम उदाहरण है। आज जब देश के भीतर विभाजनकारी विचारधाराएँ और नफरत की राजनीति अपना सिर उठा रही हैं, तब हमें सरदार पटेल के आदर्शों की और अधिक आवश्यकता है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि शक्ति केवल शासन से नहीं, बल्कि जनसेवा, सादगी और ईमानदारी से प्राप्त होती है।
राष्ट्रीय लोकदल ,सरदार पटेल के उन्हीं मूल्यों किसानहित, लोकसेवा और एकता को अपना मार्गदर्शन मानता है। जिस प्रकार पटेल जी ने किसानों की आवाज़ को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में रखा, उसी भावना से रालोद हर किसान, मजदूर और नौजवान के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा। सरदार पटेल का जीवन यह संदेश देता है कि भारत तभी सशक्त होगा जब गांव और खेत सशक्त होंगे, जब समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति को भी न्याय और सम्मान मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय लोकदल समाज में एकता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। उनके जीवन का हर अध्याय हमें यह प्रेरणा देता है कि सच्चा नेतृत्व वही है जो जनता के बीच रहे और उसकी समस्याओं के समाधान के लिए निष्ठा से कार्य करे। रालोद का हर कार्यकर्ता सरदार पटेल की भावना के अनुरूप गांव, किसान और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहेगा।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह एवं रजनीकांत मिश्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष बी0एल0 प्रेमी, प्रदेश महासचिव मनोज सिंह चौहान, रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव एवं चंद्रकांत अवस्थी, प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष पी के पाठक, प्रदेश सचिव प्रमोद शुक्ला एवं सुजाता चौधरी, जिलाध्यक्ष लखनऊ सत्यप्रकाश तिवारी, शिवप्रसाद द्विवेदी, रमेश कश्यप, चौधरी तेजपाल सिंह, राव इकबाल आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours