प्रयागराज से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, पानी से भरी बाल्टी में गिरने से एक साल मासूम की मौत
दो बेटियों के बाद इकलौते बेटे की मौत से परिजनों में मचा कोहराम
ओजस्वी किरण ब्यूरों प्रयागराज
प्रयागराज। थरवई थाना क्षेत्र के डीघी गांव में शुक्रवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना हुई। पानी से भरी बाल्टी में गिरने से एक साल के मासूम की जान चली गई। तीन दिन पहले ही जिस घर में शिवांश के पहले जन्मदिन की खुशियां मनाई गई थीं वहां अब मातम पसरा है। दो बेटियों के बाद इकलौते बेटे की मौत से परिजन पूरी तरह टूट गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीघी गांव निवासी गोपाल शर्मा पांडेश्वरनाथ धाम पड़िला में पूजा-पाठ करते हैं। शुक्रवार की सुबह घर के सदस्य रोजमर्रा के कामकाज में लगे थे। इसी बीच एक साल का शिवांश खेलते खेलते बाथरूम में पहुंच गया।
वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में वह औंधे मुंह गिर पड़ा। कुछ ही पलों में दम तोड़ दिया। काफी देर तक शिवांश के नहीं दिखाई देने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। बाथरूम में बाल्टी के भीतर बच्चे को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां रिया शर्मा बदहवास हो गईं। शिवांश दो बहनों रिद्धि और सिद्धि में सबसे छोटा था। तीन दिन पहले 27 जनवरी को परिवार ने उसका पहला जन्मदिन मनाया था। केक काटा गया, खुशियां बांटी गईं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह नन्ही हंसी हमेशा के लिए खामोश हो जाएगी। मासूम की मौत से गांव शोक में डूब गया।

+ There are no comments
Add yours