केपी कॉलेज तालाब में माइक्रोलाइट क्रैश: जांबाजों को लाखों का पुरस्कार, नौकरी का आश्वासन

1 min read

केपी कॉलेज तालाब में माइक्रोलाइट क्रैश: जांबाजों को लाखों का पुरस्कार,नौकरी का आश्वासन

ओजस्वी किरण ब्यूरो

प्रयागराज : प्रयागराज के केपी कॉलेज के पास तालाब में माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट की आपातकालीन लैंडिंग के बाद फंसे दो पायलटों को बचाने वाले तीन जांबाजों को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में डीएम ने पंकज सोनकर, आलोक यादव और लाल साहब को चेक सौंपे तथा नगर निगम में अस्थायी नौकरी देने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।घटना की पूरी जानकारी: बीते दिनों बमरौली एयरबेस से उड़े माइक्रोलाइट विमान में तकनीकी खराबी आ गई। केपी कॉलेज के पास तालाब में इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान पानी में डूबने लगा, जिसमें दो पायलट फंस गए। स्थानीय युवा पंकज सोनकर, आलोक यादव और लाल साहब ने साहस दिखाते हुए तालाब में कूदकर पायलटों को बाहर निकाला। उनकी तत्परता से दोनों पायलट सुरक्षित बच गए। इस घटना ने शहरवासियों में साहस और सेवाभाव की मिसाल कायम की।इससे पहले गणतंत्र दिवस के मौके पर इन जांबाजों को कई स्तरों पर सम्मानित किया गया। बमरौली एयरबेस पर एयर ऑफिसर कमांडिंग (एओसी) ने तीनों को सम्मानित किया, जहां बचाए गए दोनों पायलट भी मौजूद थे। पुलिस लाइन में आयोजित परेड के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इन्हें शाबाशी दी। डिप्टी सीएम ने कहा, “एयरक्राफ्ट में फंसे पायलटों को सुरक्षित निकालने के सेवाभाव को सलाम। ठीक ऐसा ही भाव हर देशवासी में होना चाहिए।” उन्होंने तीनों को एक-एक लाख नकद राशि और नौकरी की घोषणा भी की।महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने भी इन जांबाजों को सम्मानित कर शहरवासियों से ऐसे ही साहस की अपील की। ओजस्वी किरण इन साहसी युवाओं को बधाई देता है तथा उम्मीद करता है कि उनका यह कार्य अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बनेगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours