माघ मेला में पीएसी के जवानों ने दर्जनों श्रद्धालुओं की बचाई जान,पानी में डूब रहे लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। माघ मेला में पीएसी के जवानों ने सराहनीय कार्य करते हुए कई श्रद्धालुओं की जान बचाई। जवानों ने गंगा में डूब रहे लोगों को सुरक्षित निकाला, बीमारों को अस्पताल पहुंचाया और खोए हुए सामान को ढूंढकर लौटाया। पीएसी की 16 कंपनियां मेला क्षेत्र में तैनात थीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कमांडेंट सर्वेश कुमार मिश्रा ने जवानों की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
माघ मेला में सिविल पुलिस की तरह पीएसी के जवान भी हर मोर्चे पर कठिन ड्यूटी करते हुए श्रद्धालुओं की जान बचाने और उनकी सुरक्षा घेरा को मजबूत बनाने में जुटे रहे। पीएसी की कुल 16 कंपनियां तैनात की गई थीं। सात कंपनी कानून-व्यवस्था और क्राउड मैनेजमेंट के लिए, सात कंपनी बाढ़ राहत व जल क्षेत्र की सुरक्षा, दो कंपनी जीआरपी के साथ लगाई गई।
सभी कंपनियों का नोडल अधिकारी आइपीएस सर्वेश कुमार मिश्रा को बनाया गया था। जिनके नेतृत्व में पीएसी की सभी कंपनियां और उनके जवान दिन रात सेवा व सुरक्षा में जुटे रहे। मेला में 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ, 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा, 45वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़, 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर, 42वीं वाहिनी पीएसी नैनी, 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ और चतुर्थ वाहिनी पीएसी धूमनगंज के जवानों को अलग-अलग जिम्मेदारी देते हुए तैनाती की गई थी।
एक महीने तक चले मेला में देश के कोने-कोने से करोड़ों श्रद्धालु, स्नानार्थी, पर्यटक कल्पवासी आए, जिनकी सुरक्षा, सेवा और सहायता में पीएसी के जवान तत्पर रहे। इसके चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
पीएसी के कमांडर सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्नान, सुगम आवागमन और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के लिए पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था। बाढ़ राहत दल भी सक्रिय रहा। पूरी सजगता के साथ लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी, बचाव व राहत कार्य किया गया, जिससे श्रद्धालुओं के जीवन रक्षा को सुनिश्चित किया गया।

+ There are no comments
Add yours