पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 4 थाना प्रभारी लाइन हाजिर 6 थानों में नए इंचार्ज, दो इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र बदले

1 min read

पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 4 थाना प्रभारी लाइन हाजिर 6 थानों में नए इंचार्ज, दो इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र बदले

ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज। पुलिस कमिश्नर ने महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। लचर कार्यप्रणाली और विवेचना में ढिलाई के आरोप में चार थानों के प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही छह थानों में नए प्रभारी तैनात किए गए हैं। जिन थानों के प्रभारी हटाए गए हैं, उनमें करछना, औद्योगिक क्षेत्र, शिवकुटी और कैंट शामिल हैं।

 करछना से इंस्पेक्टर अनूप सरोज, शिवकुटी से रुकुम पाल सिंह, कैंट से सुनील कुमार कनौजिया और औद्योगिक क्षेत्र से विपिन कुमार पाल को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार करछना में लगातार आपराधिक घटनाओं पर लगाम न लग पाने और लंबित मामलों की जांच में सुस्ती को लेकर अनूप सरोज की शिकायतें अफसरों तक पहुंच रही थीं। उनके कार्यकाल में लूट की दो बड़ी वारदातें भी हुई थीं।

औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विपिन कुमार पाल पहले से ही ट्रांसफर पर बताए जा रहे थे। ऐसे में उन्हें चार्ज दिए जाने पर सवाल उठ रहे थे। कैंट थाना प्रभारी सुनील कुमार कनौजिया के कामकाज को लेकर भी असंतोष था। उनके ही थाने में न्यायालय के आदेश की अवहेलना के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। हाल ही में कैंट थाने से कुछ ही दूरी पर ज्वेलरी की दुकान से करीब 36 लाख रुपये के गहनों की चोरी हुई थी, जिसे लेकर भी सवाल उठे थे।

शिवकुटी थाना प्रभारी रुकुम पाल सिंह के कार्यकाल में एक दिन पहले थाने में जमकर हंगामा हुआ था। किसान यूनियन और अधिवक्ताओं का एक समूह आमने-सामने आ गया था, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।

पुलिस कमिश्नर ने फूलपुर में लंबे समय से तैनात इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार गौतम पर अफसरों ने भरोसा जताया है। उन्हें अब यमुनापार के करछना थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी तरह कीडगंज के प्रभारी रहे वीरेंद्र कुमार यादव को शिवकुटी थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, जगुआर कांड और इसके बाद धूमनगंज में दीपावली के अगले दिन हुए रोडवेज संविदा चालक हत्याकांड के बाद निलंबित किए गए अमरनाथ राय को कैंट थाने की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा गंगानगर में तैनात रहे सुशील कुमार दुबे को कीडगंज थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। झूंसी थाने में तैनात रहे कमलेश पटेल को औद्योगिक क्षेत्र थाने की कमान सौंपी गई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours