ट्रक की चपेट में आने से 12वीं की छात्रा की मौत, भाई घायल
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। बहरिया थाना क्षेत्र के सरायगनी ईदगाह तिराहे के पास दोपहर करीब 2 बजे एक सड़क हादसे में 12वीं की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा अपने परीक्षा केंद्र को देखकर अपने ममेरे भाई के साथ घर लौट रही थी, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मृतका की पहचान सरायगनी निवासी 16 वर्षीय वैष्वीय मौर्य उर्फ अनुपमा मौर्य पुत्री शैलेंद्र मौर्य के रूप में हुई है। हादसे में उसके ममेरे भाई, 17 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र अमरेन्द्र कुमार, गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रदीप को इलाज के लिए सीएचसी बहरिया भेजा गया है, जबकि छात्रा के शव को एसआरएन अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वैष्वी मौर्य आर.एस. आनंद संस्कार विद्यालय मैलहा में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। उसकी बोर्ड परीक्षा का केंद्र मां कौशल्या रमादेवी इंटर कॉलेज धमौर में पड़ा था। वह प्रदीप के साथ अपने परीक्षा केंद्र को देखने गई थी और वापस घर लौट रही थी।
बहरिया की ओर से करनाईपुर जा रहे एक ट्रक ने सराय गनी ईदगाह तिराहे के पास उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में थाना अध्यक्ष बहरिया बृजेश सिंह से बात करने पर बताया गया कि ट्रक को कब्जे में लेकर ट्रक चालक की तलाश की जा रही है तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करवाई की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours