आजाद पार्क में फूलों की खुशबू से महकी संगम नगरी, पुष्प प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, खूब ली सेल्फी
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज।संगम नगरी प्रयागराज के चंद्रशेखर आजाद पार्क में आयोजित तीन दिवसीय मंडलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के दूसरे दिन शहरियों का सैलाब उमड़ पड़ा। 20 फरवरी से शुरू हुई इस प्रदर्शनी में रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक पुष्प आकृतियों ने लोगों का मन मोह लिया। दूसरे दिन भव्य आयोजन का उद्घाटन न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह ने किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग आजाद पार्क पहुंचे। रंग-बिरंगे फूल और मनमोहक सेल्फी प्वाइंट पर युवाओं की भीड़ लगी रही। विशेष रूप से तैयार किए गए पुष्प द्वार, फूलों से बने जानवरों की आकृति और थीम आधारित सजावट आकर्षण का केंद्र रही। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति संजय कुमार ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की। प्रदर्शनी में इस बार विभिन्न राज्यों के व्यंजन के स्टाल भी लगाए गए हैं, जहां लोग स्वाद का आनंद ले रहे हैं। बच्चों के लिए खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं
शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकनृत्य और संगीत प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विदेशी पर्यटकों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सेल्फी ली। जिला उद्यान अधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि प्रदर्शनी का समापन रविवार को होगा। शाम चार बजे समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours