भारत विश्व में सबसे कम कीटनाशक के उपयोग का प्रावधान वाला देश किन्तु फल सब्जियां सबसे जहरीले : डॉ अजय कुमार सोनकर
ओजस्वी किरण डेक्स
लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक पद्मश्री डॉ अजय कुमार सोनकर ने बताया की भारत में कीटनाशकों का प्रति हेक्टेयर उपयोग का प्रावधान विश्व में सबसे कम मात्र छह सौ ग्राम प्रति हेक्टेयर है, जब कि यूरोप में पांच से सात किलोग्राम प्रति हेक्टेयर है, चीन में सबसे ज्यादा तेरह किलोग्राम प्रति हेक्टेयर कीटनाशक उपयोग होता है। ये जान कर शायद शायद आपको आश्चर्य हो कि इसके बावज़ूद खाने के लिए फल सब्जियां भारत में अन्य देशों की तुलना में ज्यादा जहरीले होते हैं।
पूछे जाने पर डॉ. सोनकर ने बताया कि इसकी वज़ह यह है कि भारत में ये प्रावधान कागज तक ही सीमित हैं। वास्तव में हमारे किसानों को कीटनाशकों के उपयोग का कोई गंभीर प्रशिक्षण नहीं है, वो खतरनाक कीटनाशकों का असीमित उपयोग करते हैं। साथ ही साथ ना जाने कितने कीटनाशकों का वो उपयोग करते हैं जो वर्षों से प्रतिबंधित हैं।
ये बात प्रकाश में तब आयी जब बिना किसी लक्षण के अचानक से किडनी फेल हो जाने के कारण कई किसानो की मौत की खबर आयी, तब लखनऊ के एक प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान ने बहुत सारे किसान जो अपने खेत में कीटनाशकों को डालते थे और उनके परिवार जनों के खून के नमूनों की जांच में पाया कि तमाम खतरनाक कीटनाशक उनके रक्त में मौजूद हैं जो गुर्दे के रोग कार्सीनोमा के लिए जिम्मेदार होते हैं।
ऐसा आमतौर पर देखा गया है कि किसान कीटनाशक के छिड़काव के दौरान पर्याप्त सुरक्षा का इस्तेमाल नहीं करते, जबकि किसी भी हालत में कीटनाशकों का साँस में जाना आँखों में जाना, त्वचा के संपर्क में आना जानलेवा साबित हो सकता है।
दूसरी तरफ कीटनाशकों के असीमित उपयोग से ना सिर्फ वायु जल मिट्टी बीमार हो रहे हैं बल्कि उससे उगे अनाज फल सब्जियां जहरीले हो गए हैं जो कैंसर औऱ लिवर गुर्दे की गंभीर बीमारियों का कारण बन रहे हैं।

+ There are no comments
Add yours