महिला ज्वेलर पर हमला कर लाखों की चांदी लूटी
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। करछना थाना क्षेत्र में एक महिला ज्वेलर को बदमाशों ने निशाना बनाया। लक्ष्मी ज्वेलर्स की मालिक कविता विश्वकर्मा से 1.5 किलोग्राम चांदी, स्कूटी, 6500 रुपये नकद और एक डिजिटल तराजू लूट लिया गया। घटना बुधवार शाम को हुई जब वह दुकान बंद कर घर लौट रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार
कविता विश्वकर्मा शाम करीब सवा छह बजे बजे अपनी दुकान बंद कर बन पुरवा स्थित अपने घर जा रही थीं। तेवरिया गांव की पुलिया से लगभग 30 मीटर पहले दो बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें रोका। बदमाशों ने उनके कंधे पर डंडे से वार किया, जिससे वह गिर गईं। इसके बाद हमलावर उनकी स्कूटी लेकर फरार हो गए। इस हमले में कविता के दाहिने कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं।
कविता ने बताया कि लुटेरे 1.5 किलोग्राम चांदी, उनकी स्कूटी, 6500 रुपये नकद और एक डिजिटल तराजू लेकर भागे हैं। यह सभी सामान स्कूटी पर रखा था।
कविता विश्वकर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना से दो दिन पहले, 19 जनवरी को अनिल विश्वकर्मा नामक एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया था और ज्वेलरी की तस्वीरें खींचकर ले गया था। इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। करछना थाना प्रभारी अनूप कुमार सरोज ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours