एआई वीडियो से माहौल बिगाड़ने वाला युवक गिरफ्तार, माघ मेला में पुलिस-साधु संतों की छवि खराब करने की कोशिश थी

1 min read

एआई वीडियो से माहौल बिगाड़ने वाला युवक गिरफ्तार

माघ मेला में पुलिस-साधु संतों की छवि खराब करने की कोशिश थी

ओजस्वी किरण संवाददाता

प्रयागराज मेजा । साइबर क्राइम थाना कमिश्नरेट प्रयागराज की टीम ने पुलिस ने माघ मेला-2026 की शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयास में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक कुमार तिवारी उर्फ मुकेश कुमार तिवारी (39) निवासी लखनपुर, थाना मेजा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक एपल मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

आरोपी पर सोशल मीडिया पर एआई जनरेटेड भ्रामक सामग्री फैलाने का आरोप है। पुलिस कमिश्नर प्रयागराज के निर्देश पर साइबर सेल माघ मेला से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं की लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान फेसबुक प्रोफाइल ‘दीपक मुकेश तिवारी’ से एआई जनरेटेड, तथ्य विहीन पोस्ट और वीडियो सामने आए। इन पोस्ट और वीडियो में माघ मेला, पुलिस और साधु-संतों का नकारात्मक चित्रण किया गया था। 

पुलिस के अनुसार, इस सामग्री से समाज में डर, आक्रोश और वैमनस्य फैलने का खतरा था, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। मामले में साइबर क्राइम थाना प्रयागराज पर संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। 

संयुक्त पुलिस टीम ने 22 जनवरी को थाना मेजा क्षेत्र के ग्राम लखनपुर स्थित नंद किशोर इंटर कॉलेज के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज ने आमजन से अपील की है कि माघ मेला-2026 से संबंधित किसी भी अपुष्ट, भ्रामक या पुराने वीडियो/सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें। जानबूझकर गलत कंटेंट फैलाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल और साइबर थाना लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours