घर-घर पहुँचेगा गंगाजल : सेवार्थम फाउंडेशन का ऐतिहासिक अभियान, भव्य रथ रवाना
ओजस्वी किरण ब्यूरों
लंभुआ/सुलतानपुर। लम्भुआ में सनातन आस्था को जन-जन तक पहुँचाने और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को सशक्त करने के उद्देश्य से सेवार्थम फाउंडेशन ने एक अनुकरणीय पहल शुरू की है। फाउंडेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी के नेतृत्व में माघ मेला प्रयागराज से पवित्र गंगाजल लाकर श्रद्धालुओं के घर-घर तक पहुँचाने के लिए भव्य गंगाजल रथ रवाना किया गया।
लंभुआ के मेला वाली बाग में आयोजित दिव्य धार्मिक समारोह की शुरुआत गंगा माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद विधि-विधान से भस्म आरती और गंगा आरती संपन्न हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंच पर सेवार्थम फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं अतिथियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ आशीष तिवारी ने सभी का अभिनंदन किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कपाली महाराज और प्रधान संघ अध्यक्ष कैलाश चंद्र दुबे रहे। दोनों अतिथियों का स्वागत डॉ.आशीष तिवारी ने माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गंगाजल रथ को कस्बे के लिए रवाना किया गया, जो पूरे क्षेत्र में श्रद्धालुओं को गंगाजल वितरित करेगा। डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि सनातन धर्म में गंगाजल को मोक्षदायिनी, पवित्र औरजीवनदायिनी माना गया है। यह पहल उन श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी, जो वृद्धावस्था, बीमारी या अन्य कारणों से स्वयं गंगा स्नान करने या गंगाजल लाने में असमर्थ हैं। यह अभियान आस्था, सेवा और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।कार्यक्रम में सेवार्थम फाउंडेशन के विभिन्न प्रदेशों के अध्यक्ष, राष्ट्रीय एवं जिला टीम के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours