केंद्रीय बजट ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में मजबूत कदम : रोहित अग्रवाल
ओजस्वी किरण ब्यूरों लखनऊ
लखनऊ । राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष (व्यापार) रोहित अग्रवाल ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक सशक्त और दूरदर्शी पहल है। यह बजट रोजगार सृजन, विनिर्माण, तकनीक, कौशल विकास और आत्मनिर्भर भारत को मजबूती प्रदान करता है।
रोहित अग्रवाल ने कहा कि दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर आयात शुल्क में छूट, सेमीकंडक्टर मिशन को प्रोत्साहन, ₹40,000 करोड़ की इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग योजना तथा ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में रेयर अर्थ कॉरिडोर की स्थापना से देश की विदेशी निर्भरता कम होगी और घरेलू उद्योग को बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बजट में टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास, युवाओं के पुनः कौशल विकास, खेलो इंडिया के माध्यम से खेल अवसंरचना के विस्तार तथा खेल सामग्री निर्माण को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे व्यापार और MSME सेक्टर को भी गति मिलेगी।
रोहित अग्रवाल ने यह भी कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं, गरीबों और पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवाओं की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करता है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हर बजट के बाद नकारात्मकता फैलाना उचित नहीं है। यह बजट स्पष्ट रूप से रोजगार, उद्योग, MSME और व्यापार के विकास को केंद्र में रखता है।
अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट सुधारों के माध्यम से उत्पादकता बढ़ाने, रोजगार सृजन करने और तकनीक को आम नागरिक तक पहुँचाने वाला भविष्य-उन्मुख बजट है।

+ There are no comments
Add yours