दरोगा के धमकी देने के मामले में दुष्कर्म पीड़िता का बयान दर्ज करेगी पुलिस
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। कीडगंज थाना क्षेत्र निवासी दुष्कर्म पीड़िता को ब्लैकमेल करने और धमकी मामले में अब पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज करेगी। एसीपी झूंसी के आदेश पर इस प्रकरण की जांच दारागंज इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। पुलिस इस मामले में दुष्कर्म के आरोपी पैथालॉजी संचालक और उसकी पत्नी से भी पूछताछ कर सकती है। आरोपी लाइन हाजिर दरोगा नरेश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
ज्ञात हो कि पीड़ित महिला झूंसी के जीटी रोड स्थित एक पैथोलॉजी सेंटर में काम करती थी। आरोप था कि पैथोलॉजी सेंटर के संचालक विनोद मिश्र ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देता रहा। बाद में वीडियो उसके पति को भेज दिया गया। छह अक्तूबर को महिला ने आरोपी विनोद मिश्र की पत्नी अमृता मिश्र के खिलाफ एफआईआर वापस लेने के लिए धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
चार दिन पहले महिला ने पुलिस कमिश्नर को तहरीर देकर अपनी पीड़ा बताई। उनके निर्देश पर विवेचक रहे दरोगा नरेश यादव व दुष्कर्म के आरोपी विनोद मिश्र व उनकी पत्नी अमृता मिश्र के खिलाफ ब्लैकमेल करने और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसओ झूंसी महेश मिश्र ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच एसीपी झूंसी के आदेश पर दारागंज इंस्पेक्टर को सौंप दी गई है।

+ There are no comments
Add yours