माघ मेले से गायब हुई युवती की मिली सिर कटी लाश, लाश के पास मिले मोबाइल से हुई पहचान, परिचित ट्यूशन टीचर हिरासत में

1 min read

माघ मेले से गायब हुई युवती की मिली सिर कटी लाश,
लाश के पास मिले मोबाइल से हुई पहचान, परिचित ट्यूशन टीचर हिरासत में

ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज।‌ 2 दिन पूर्व माघ मेला क्षेत्र से लापता हुई युवती का सिर कटा शव थरवई में सोमवार सुबह जगदीशपुर पूरे चंदा गांव के मजरा माधोपुर के सामने रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के गांवों से लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर थरवई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव के पास से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक मोबाइल फोन मिला, जिसकी मदद से युवती की पहचान नीबी गारापुर गांव निवासी पवन तिवारी की 21 वर्षीय बेटी सुहानी तिवारी के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार सुहानी दो दिन पहले अपनी छोटी बहन के साथ माघ मेले में स्नान के लिए आई थी। वह मेले में कल्पवास कर रहे अपने दादा-दादी के पास भी गई थी। अचानक वह संदिग्ध हालात में लापता हो गई। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे सुहानी का क्षत-विक्षत शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। शव सिर कटा हुआ था, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। पहचान होने के बाद परिजन आए और फिर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को सुहानी के मोबाइल से कुछ अहम चैट मिली हैं। इन्हीं चैट के आधार पर पुलिस ने एक ट्यूशन टीचर को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह भी नीबी गारापुर गांव का रहने वाला है और शहर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ट्यूशन टीचर से पूछताछ में जुटी थी। अफसरों का कहना है कि मामले में जांच पड़ताल जारी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours