पहली बार किसी मुख्यमंत्री को दसवीं बार बजट पेश करने का अवसर- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
ओजस्वी किरण ब्यूरों लखनऊ
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपनी छवि को पूरी तरह बदलने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में प्रदेश का बजट आकार तीन गुना से अधिक बढ़ा है।
सीएम ने बजट की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि इसकी मूल भावना “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, समृद्ध किसान और हर हाथ को रोजगार” पर आधारित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश आज तकनीकी रूप से सशक्त राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस बार नई योजनाओं के लिए 43,565 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि नए निर्माण कार्यों पर खर्च की जा रही है। उनका कहना है कि आधारभूत संरचना पर यह निवेश रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई गति देगा।
उन्होंने बताया कि यह उनकी सरकार का दसवां बजट है और पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी मुख्यमंत्री को लगातार दसवीं बार बजट पेश करने का अवसर मिला हो। योगी ने यह भी कहा कि पिछले नौ वर्षों में राज्य सरकार ने कोई नया अतिरिक्त कर नहीं लगाया।
सीएम योगी ने दावा किया कि कर चोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है और उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ की छवि से बाहर निकालकर ‘रेवेन्यू सरप्लस’ राज्य के रूप में स्थापित करने में सरकार सफल रही है।

+ There are no comments
Add yours