ज्वेलरी शॉप का शटर तोड़ 60 लाख के आभूषण चोरी,100 ग्राम सोना और 15 किलो चांदी के जेवर चुराए
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार चौराहे पर गुरुवार रात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में करीब 60 लाख रुपए के आभूषण चोरी कर लिए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैन्ट थाना क्षेत्र के गंगानगर निवासी चंदन की थाना क्षेत्र के ही सदर बाजार चौराहे पर ज्वेलरी शॉप है। दुकान संचालक चंदन ने बताया कि वह रोज की तरह गुरुवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर गंगानगर स्थित अपने घर चले गए थे। सुबह करीब 7 बजे दुकान के सामने चाय लगाने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बताया कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर तोड़ा गया था। अंदर जाने पर पाया कि चोरों ने भीतर लगा कांच का दरवाजा भी तोड़ दिया था। इसके बाद बदमाश दुकान में रखे लगभग 100 ग्राम सोने और 15 किलो चांदी के आभूषण उठा ले गए। चंदन के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये है।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डीवीआर कब्जे में ले लिया है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई थी।

+ There are no comments
Add yours