खड़े ट्रक से कंटेनर टकरायाः कंडक्टर की मौत
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। उतरांव थाना क्षेत्र में ऊष्मापुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक खड़े ट्रक से कंटेनर टकरा गया, जिससे कंटेनर के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर का चालक फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तम नगर, बीके मोहन गार्डन, वेस्ट दिल्ली का निवासी विकास (28) पुत्र हरिशंकर ट्रक में खलासी था। बताया गया कि कंटेनर दिल्ली से कोलकाता बाइक पार्ट्स लेकर जा रहा था। उष्मापुर नेशनल हाईवे पर खड़े एक अज्ञात ट्रक में तेज रफ्तार कंटेनर पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही उतराव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर खड़े ट्रक के कारण यह दुर्घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं,अज्ञात टक की पहचान कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours