काली पट्टी बांधकर पढ़ाएंगे शिक्षक, 26 को होगा धरना 

1 min read

काली पट्टी बांधकर पढ़ाएंगे शिक्षक, 26 को होगा धरना 

ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक भगवतपुर की कार्यकारिणी की बुधवार को सीएस पीपल गांव में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रांतीय नेतृत्व से प्राप्त आंदोलन संबंधी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक अध्यक्ष मसूद अहमद ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने टीईटी अनिवार्यता पर दिए गए फैसले के बाद भी सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे शिक्षकों में भ्रम और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए अब चरणबद्ध आंदोलन आवश्यक हो गया है।

ब्लॉक मंत्री राजेंद्र कनौजिया ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर 22 फरवरी को दोपहर दो बजे से चार बजे तक एक्स (ट्विटर) पर हैशटैग अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 23 से 25 फरवरी तक सभी शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए विरोध दर्ज कराएंगे।

साथ ही 26 फरवरी को दोपहर एक बजे से चार बजे तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना देंगे। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकालेंगे।

मीडिया प्रभारी हरित कुमार जदली ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों से अपने-अपने विद्यालयों व संकुलों के शिक्षकों से व्यक्तिगत संपर्क कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने का आह्वान किया। बैठक में टीएफआई के संयुक्त महामंत्री व जिला अध्यक्ष देवेंद्र श्रीवास्तव, ब्लॉक कोषाध्यक्ष किरण सिंह, सैयद बहार आलम, सुरेंद्र सिंह, सुनीता तिवारी, अरुण श्रीवास्तव, मनोज राय, सौरभ सिंह, अनुराग पांडे आदि मौजूद रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours