यूपी बोर्ड:दूसरे दिन भी सख्ती का असर, 27 हजार ने छोड़ी परीक्षा
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज ।यूपी बोर्ड की दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षाओं के दूसरे दिन भी प्रदेश भर में कड़ी निगरानी बनी रही। नकल रोकने के लिए सरकार द्वारा की गई सख्त व्यवस्थाओं और सीसीटीवी कैमरों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के कारण दूसरे दिन 27,249 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
जबकि एक छात्र को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया। अब तक बोर्ड की ओर से छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। गुरुवार को प्रथम पाली में दसवीं में कंप्यूटर एवं इंटरमीडिएट में काष्ठ, ग्रंथ, सिलाई एवं व्यावसायिक विषयों की परीक्षा हुई। इन विषयों के लिए 96,296 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4766 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में दसवीं की सिलाई एवं इंटरमीडिएट के नागरिक शास्त्र की परीक्षा में 3,92,274 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 22,286 विद्यार्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
छात्रों के अनुसार, कंप्यूटर विषय के प्रश्नपत्र में सी प्रोग्रामिंग और प्वाइंटर से जुड़े प्रश्नों ने उन्हें उलझा दिया। पिछले कई वर्षों से सी भाषा से संबंधित सैद्धांतिक प्रश्न तो पूछे जाते रहे हैं, लेकिन इस बार प्रोग्रामिंग कोड लिखने और प्वाइंटर आधारित प्रश्नों ने विद्यार्थियों को असमंजस में टाल लिया।

+ There are no comments
Add yours