शॉपिंग मॉल के मालिक को गिरफ्तार करने पहुंची कोलकाता पुलिस,वकीलों के विरोध के चलते खाली हाथ लौटी
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित एक प्रसिद्ध शॉपिंग मॉल के मालिक की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को कोलकाता पुलिस ने दबिश दी। हालांकि, वारंट में पिता के नाम में गड़बड़ी होने पर पुलिस मालिक को गिरफ्तार नहीं कर सकी।
कोलकाता पुलिस शुक्रवार शाम करीब पांच बजे प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित शॉपिंग मॉल पहुंची और मालिक को पकड़ लिया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर हंगामा शुरू हो गया और अधिवक्ता पहुंच गए। वारंट दिखाने को कहा गया तो पिता के नाम में गड़बड़ी मिली। यह देख अधिवक्ताओं समेत अन्य ने गिरफ्तारी का विरोध किया।
मौके पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंची। पता चला कि मॉल मालिक के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी के आरोप में गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया गया था। वारंट देखा गया तो पता चला कि मालिक के पिता के नाम में गड़बड़ी है। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तारी करने पर रोक लगा दी।
घंटों हंगामा होने के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। वहीं, सिविल लाइंस पुलिस ने वारंट को ठीक कराने को कहकर कोलकाता पुलिस को वापस भेज दिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि कोलकाता पुलिस आई थी, लेकिन दस्तावेज में गड़बड़ी होने की वजह से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

+ There are no comments
Add yours