आरा मशीन का लाइसेंस दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपए ठगे,पिता-पुत्र पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। नवाबगंज थाना क्षेत्र में आरा मशीन का लाइसेंस दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के पंचदेवरा गांव निवासी रामजी अभिलाष उर्फ लल्लू पुत्र अमरपाल विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने आरा मशीन के लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसी दौरान सोरांव थाना क्षेत्र के जूडापुर दांदूपुर निवासी शिवराज पुत्र राम सुचित उर्फ टोनी ने उनसे फोन पर संपर्क किया और लाइसेंस बनवाने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि शिवराज और उसके पिता राम सुचित ने वन विभाग में अपनी पहचान होने का दावा किया। उन्होंने अलग अलग किश्तों में कुल 2,00,400 रुपये पीड़ित से ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब लाइसेंस नहीं बना, तो पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि आरोपित टालमटोल करते रहे। बाद में थाने में हुए समझौते के दौरान आरोपितों ने 60,000 रुपये लौटा दिए।
हालांकि, 1,40,400 रुपये अभी भी बकाया हैं। शेष रकम मांगने पर आरोपितों ने इसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर नवाबगंज पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक थाना नवाबगंज राघवेंद्र सिंह से बात करने पर बताया गया पैसे के लेनदेन का मामला है तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करवाई की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours