साइबर ठगो ने कांस्टेबल समेत दो लोगों को अपने जाल में फंसा कर उनके अकाउंट से एक लाख 14 हजार उड़ा दिए
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। साइबर ठगों ने कॉन्स्टेबल समेत दो लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी का शिकार बना लिया। कॉन्स्टेबल के 15 तो महिला के 99 हजार रुपए उड़ा दिए दोनों पीड़ितों ने अब थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्नलगंज थाना क्षेत्र के 6 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी में ड्यूटी कर रहे कांस्टेबल आकाश सिंह के अनुसार 18 फरवरी की रात करीब 8 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उनका रिश्तेदार बताया। आवाज जानी-पहचानी लगी तो उन्होंने ज्यादा शक नहीं किया।
बातचीत के दौरान उसने जरूरी काम का हवाला देकर दो बार में कुल 15 हजार रुपये फोन पे के जरिए एक नंबर पर ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब आकाश ने असली रिश्तेदार से बात की तो पता चला कि उसने कभी पैसे नहीं मांगे थे। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
दूसरा मामला साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराया गया है। फाफामऊ थाना क्षेत्र के शांतिपुरम् की रहने वाली रश्मि चौरसिया के अनुसार 16 फरवरी की सुबह उनके फोन पर कॉल नहीं जा रही थी। आईवीआरएस सिस्टम से पता चला कि सिम बंद हो गया है और 199 पर कॉल करें। 199 पर बात करने वाले व्यक्ति ने उनका नाम, पति का नाम और पता पूछा। कुछ देर बाद फोन सामान्य हो गया।
शाम को जब उन्होंने ऑनलाइन भुगतान करना चाहा तो खाते में लिमिट न होने की जानकारी मिली। जब उन्होंने अपना आईडीबीआई बैंक का सैलरी अकाउंट चेक किया तो उसमें से 99 हजार रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर हो चुके थे। ट्रांजैक्शन आईडी और विवरण में किसी अब्दुल हमीद रजा का नाम दिखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल खाता ब्लॉक कराया और साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

+ There are no comments
Add yours