पीएसी से बर्खास्त सिपाही का कमरे में मिला शव, 10 दिन से सड़ रही थी लाश, लग गए थे कीड़े
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। नैनी थाना क्षेत्र के चक हीरानंद में रविवार को एक मकान के कमरे में पीएसी से बर्खास्त सिपाही की सड़ी हुई लाश मिली। लाश कमरे में जमीन पर पड़ी थी। लाश पर कीड़े चल रहे थे। आस पड़ोस के लोगो को गली में दुर्गंध आने पर मृतक के भाई को सूचना दी। इसके बाद भाई भी मौके पर पहुंच गया। डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पुलिस और डॉग स्क्वॉड टीम ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पुलिस के मुताबिक जिस कमरे में लाश मिली वह कमरा अंदर से खुला हुआ था। शव नीचे जमीन पर पड़ा हुआ था। उस पर कीड़े चल रहे थे। लाश करीब 10 दिन पुरानी बताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलिया के फिरोजपुर थाना नरही के रहने वाले अवनींद्र कुमार सिंह पीएसी बटालियन नैनी में कार्यरत थे। उनका परिवार भी यही नैनी में रहता था। 2011 में दरोगा की भर्ती के दौरान दौड़ के समय अवनींद्र कुमार सिंह की हार्ट अटैक आने से मौत हो गई थी। इसके बाद पिता की जगह पर बेटे आशीर्वाद सिंह उर्फ प्रिंस को कुक की नौकरी मिल गई थी। भाई आशीष ने बताया कि प्रिंस नशे के कारण नौकरी पर ध्यान नहीं देता था। जिसके कारण पीएसी से अनुशासनहीनता के मामले में उसे हटा दिया गया था।
इसके बाद वह सूरत में एक प्राइवेट कंपनी में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम कर रहा था। भाई ने बताया कि प्रिंस की आंख में कुछ समस्या थी जिसकी वजह से वह नौकरी छोड़कर सूरत से वापस नैनी आकर रह रहा था। हीरानंद मोहल्ले में वह कुछ दिन पहले ही आया था। पड़ोसियों के मुताबिक अक्सर शराब के नशे में रहता था।
बड़े भाई आशीष ने बताया 15 दिन पहले पड़ोसियों ने फोन पर बताया था कि आपके मकान का दरवाजा खुला हुआ है। मैंने कहा कि हो सकता है गलती से कर दिया हो। अभी आ जाएगा। शनिवार को पड़ोसियों ने फिर बताया कि मकान से दुर्गंध आ रही है। आशीष ने बताया कि वह गुरुग्राम में नौकरी करता है। वहां से ट्रेन पकड़ी और नैनी पहुंचा। देखा मकान के कमरे का दरवाजा खुला था। जब अंदर गया था तो भाई की लाश जमीन पर पड़ी थी।

+ There are no comments
Add yours