स्कूल बस-ट्रक की टक्कर, 5 बच्चे और ड्राइवर घायल,51 छात्र थे सवार, चालक मोबाइल चार्ज करते समय नियंत्रण खो बैठा

1 min read

स्कूल बस-ट्रक की टक्कर, 5 बच्चे और ड्राइवर घायल,51 छात्र थे सवार, चालक मोबाइल चार्ज करते समय नियंत्रण खो बैठा

 ओजस्वी किरण  ब्यूरो 

प्रयागराज। थरवई थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा बेरुई गांव के पास फाफामऊ सहसों फोरलेन हाईवे पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बस में करीब 51 छात्र सवार थे, जो यूपी बोर्ड हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की परीक्षा देने जा रहे थे। सभी छात्र शिव सेवा इंटर कॉलेज के बताए जा रहे हैं। उनका परीक्षा केंद्र बाबू जे आर डी पाल इंटर कॉलेज में निर्धारित था।

हादसे में पांच छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दर्जनों छात्रों को हल्की चोटें आई हैं। तीन छात्रों के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। दो अन्य छात्रों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। सभी घायलों को बहरिया सीएचसी और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मौके पर पहुंचे अभिभावकों का कहना है कि बस चालक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। वहीं बस में सवार घायल छात्र सोनू पटेल और शुभम यादव के अनुसार, चालक मोबाइल चार्ज लगाने के दौरान लापरवाही बरत रहा था, जिससे बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह ट्रक से जा टकराई।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थरवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours