स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत, एक गंभीर घायल

1 min read

स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत, एक गंभीर घायल

ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज। हंडिया कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में जंघई रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब खानपुर गांव निवासी 23 वर्षीय अटल बिहारी यादव अपने साथियों अमरजीत प्रजापति निवासी अर्जुन पट्टी और 50 वर्षीय सुरेश चंद्र यादव पुत्र जगदंबा प्रसाद यादव को बाइक से हंडिया रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। टाउन एरिया के जंघई रोड के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने अटल बिहारी यादव और सुरेश चंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। अमरजीत प्रजापति की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार चल रहा है।
मृतक सुरेश चंद्र यादव (50) अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम राकेश यादव है। उनके दो बेटे हरिशंकर (25) और रवि शंकर (21) हैं। वह मुंबई में एक निजी कंपनी में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
दूसरे मृतक अटल बिहारी यादव (23) तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। वह सियाडीह, थाना हंडिया में अपना क्लीनिक चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी सरिता, चार वर्षीय बेटा लक्ष्य और तीन वर्षीय बेटी पीहू तथा माता श्यामा देवी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही हंडिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन की तलाश कर रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours