एसआरएन अस्पताल में बिजली गुल, ओपीडी पर्चे के लिए लंबी लाइन
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। मंडल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) में बिजली कटौती की समस्या से मरीजों एवं तीमारदारों के लिए परेशानी बन रही है। सोमवार को बिजली कटौती के चलते ओपीडी पर्चे बनाने की सेवाएं प्रभावित रहीं। दोपहर १२ बजे के आसपास बिजली जाने से कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गया, जिससे ओपीडी पर्चा बनाने का कार्य लगभग आधे घंटे तक बाधित रहा।
पर्चा कांउटर पर काम रुकने से देखते ही देखते मरीजों एवं उनके तीमारदारों की भारी भीड़ जमा हो गयी। वहीं बुजुर्ग जो खड़े नहीं हो पा रहे थे, बिजली बाधित होने के कारण लाइन में लंबा इंतजार करना पड़ा। बिजली जाने के बाद अस्पताल में वैकल्पिक व्यवस्था (जनरेटर) के तत्काल सक्रिय न होने पर मरीजों ने नाराजगी जताई। थोड़ी देर बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई तब जाकर पर्चा बनाने का काम दोबारा शुरू हो सका। बैंक रोड निवासी प्रजीत उपाध्य ने बताया कि स्वास्थ्य समस्या को लेकर १२ बजे के करीब ओपीडी पर्चा बनवाने के लिए पहुंचे तो लाइट नहीं थी, बिजली आने के बाद १२.२७ बजे उनका पर्चा बना, जिसके बाद उन्होंने डाक्टर को दिखाया।

+ There are no comments
Add yours