इजराइल-ईरान की जंग में फंसे प्रयागराज के लोग
अपनों की सलामती को लेकर परिवार बेचैन
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। प्रयागराज के कई लोगों के परिजन इस समय ईरान और इजराइल के बीच जारी जंग के बीच में फंसे हैं। हर कोई अपनों की सलामती को लेकर चिंतित है। कोई वीडियो कॉल करके हालचाल ले रहा है तो किसी की बातचीत भी नहीं हो पा रही है। झुंसी के सपा नेता प्रदेश प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर की बेटी, दामाद और एक वर्ष का नाती अभी इजराइल में फंसा हुआ है। श्री मधुर का कहना है कि बच्चों से वीडियो कॉल पर बात हुई। बेटी बोली- पापा, मिसाइल हमले की आशंका के चलते सायरन बजते हैं और हम लोग बंकरों में भाग जाते हैं। अभी हम लोग सुरक्षित हैं। श्री मधुर की बेटी कविता, दामाद राजेश यादव और एक साल का नाती ऋत्विक इस समय इजराइल में हैं। दामाद वहां की एक यूनिवर्सिटी में रिसर्च स्कॉलर हैं और परिवार करीब चार साल से वहीं रह रहा है।
परिवार ने बच्चों को वापस बुलाने की कोशिश की, लेकिन फ्लाइट्स बंद हैं। बिना सरकारी अनुमति के निकलना संभव नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने विदेश मंत्रालय से संपर्क करने की सलाह दी है। फिलहाल परिवार भगवान भरोसे है।
दायरा शाह अजमल मोहल्ले के सैयद मोहम्मद अस्करी की बहन, बहनोई और उनका बेटा ईरान में फंसे हैं। उनकी बहन ईरान के कुम शहर में रहती हैं और वहां एक मदरसे में पढ़ाती हैं। बहनोई मूल रूप से कौशांबी के करारी के रहने वाले हैं। बहन की शादी के बाद से करीब 35 सालों से परिवार ईरान में ही बस गया था। अस्करी के मुताबिक 18 फरवरी को आखिरी बार बात हुई थी। आम तौर पर 8-10 दिन में बातचीत हो जाती थी, लेकिन हमलों की खबर के बाद से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। फोन मिलाने की कोशिश हो रही है, पर कोई जवाब नहीं मिल रहा।
दरियाबाद के खुशनूर राजा रिजवी का बेटा साकिब मुस्तफा भी ईरान में है। रिजवी ने बताया कि एक दिन पहले बात हुई थी, उसके बाद से संपर्क नहीं हो पा रहा। परिवार लगातार कोशिश कर रहा है, लेकिन नेटवर्क और सुरक्षा कारणों से बात नहीं हो रही।

+ There are no comments
Add yours