रेस्टोरेंट में गोमांस वाली बिरयानी परोसने में चार नामजद दो दिन पहले सामने आए मामले में एफआईआर दर्ज, चार हिरासत में
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के रोशनबाग में नवाबी जायका रेस्टोरेंट में गोमांस युक्त बिरयानी परोसने के आरोप के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले में चार लोगों को नामजद किया गया है। साथ ही चार लोगों को हिरासत में भी लिया गया है जिनसे पुलिस पूछताछ में जुटी है।
ज्ञात हो कि दो दिन पहले यह मामला सामने आया था जिसके बाद रेस्टोरेंट में जमकर हंगामा हुआ था। विहिप गोरक्षा इकाई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस पूरे खेल को उजागर किया तो रेस्टारेंट संचालिक व उसके बेटे ने दर्जनों अज्ञात लोगों संग मिलकर गालीगलौज की और जान से मारने को धमकाया।
एफआईआर विहिप गोरक्षा के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी की तहरीर पर दर्ज हुई। इसमें उन्होंने बताया, रोशनबाग के फूड कोर्ट के दूसरे तल पर संचालित नवाबी जायका रेस्टोरेंट में गोमांस की बिरयानी बेचने की सूचना लगातार मिल रही थी। इस पर मैंने अपने कार्यकर्ताओं श्याम जी शर्मा, विजय पांडेय व शुभम कुशवारी को ग्राहक बनाकर भेजा। वहां जाने पर कार्यकर्ताओं को रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने पूछा कि आपको किस चीज की बिरयानी चाहिए, तो बताया गया कि यहां सब मिलेगा। मीनू कार्ड दिया जिसमें बीफ बिरयानी, बीफ कवाब, बीफ कबाब रोल समेत अन्य बिरयानी डिशेज का नाम व रेट लिखा था। इससे यह स्पष्ट हो गया कि वहां गोमांस से बनी हुई सामग्री परोसी जाती है।
5 अप्रैल को वह कार्यकर्ताओं के साथ उस रेस्टोरेंट पर पहुंचे। संचालक से पूछा कि तुम गोमांस की सामग्री क्यों बेचते हो तो उसने गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि जो करना है कर लो। मेरे सूचना देने पर पुलिस पहुंची तो जान बच सकी। मौके से मो० जैद निवासी अकबरपुर, करेली, अयान निवासी पत्थर गली दोंदीपुर शाहगंज, मिज्जन व समसुललका निवासी नया पुरवा कैसरगंज जनपद बहराइच को पकड़कर थाने लाया गया।
विहिप कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस रेस्टोरेंट के बारे में यूट्यूब पर मिले वीडियो में भी बीफ समेत अन्य बिरयानी उपलब्ध होने का प्रचार किया गया था। मौके पर पहुंची खुल्दाबाद थाने की फोर्स कर्मचारियों से पूछताछ कर ही रही थी कि तभी वहां 50 से ज्यादा लोग जुट गए और पुलिसकर्मियों व कार्यकर्ताओं को घेर लिया। गाली गलौज करने लगे और धक्का मुक्की भी की। पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से चार कर्मचारियों को पकड़कर थाने ले गए। जबकि संचालिका व धक्कामुक्की करने वाले अन्य लोग भाग निकले। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है। जांच पड़ताल कराई जा रही है।

+ There are no comments
Add yours