प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में रेकी करने वाला गिरफ्तार,प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में दबिश
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। करेली थाना क्षेत्र के गौसनगर स्थित बिस्मिल्लाह चौराहा के पास प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान के हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में पुलिस ने घटनास्थल के पास रेकी करने वाले एक आरोपी को पकड़ लिया है। पूछताछ में बताया कि उसने ही आसिफ दुर्रानी को फोन पर मोहम्मद इरफान की लोकेशन बताई थी।
उसने बताया था कि इरफान बिस्मिल्लाह चौराहा स्थित चाय की दुकान पर बैठा है। जानकारी देते ही थोड़ी देर में बाइक सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और इरफान को गोली मारकर अंधीपुर की तरफ फरार हो गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि आसिफ दुर्रानी ने वारदात को अंजाम दिया है।
हालांकि, उसके साथ अन्य तीन और कौन थे इसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। उसने यह भी बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक इरफान की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया था, उसकी दिनचर्या और आने-जाने के समय की जानकारी वह आरोपी को देता रहा है। इसी के आधार पर साजिश रचकर गोली मारी गई है। हालांकि, आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने पर ही कुछ कहा जा सकता है।
पकड़े गए आरोपी ने आसिफ दुर्रानी व उसके भाई राशिद के कई ठिकानों के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी है। इस आधार पर पुलिस ने ऐनुद्दीनपुर, गौसपुर, चकिया के अलावा प्रतापगढ़, लखनऊ समेत आसपास के जनपदों में दबिश दी है, लेकिन घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपियों गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

+ There are no comments
Add yours