गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ बड़ा हादसा टायर फटने से पलटी स्लीपर बस, एक यात्री की मौत, 35 से अधिक घायल
ओजस्वी किरण ब्यूरों
फतेहपुर। गंगा एक्सप्रेसवे पर बीती देर रात फतेहपुर जिले के खागा से सवारियां लेकर पंजाब के लुधियाना जा रही डबल डेकर स्लीपर बस मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सराय पिपरिया के पास टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में फतेहपुर निवासी 28 वर्षीय अनुज की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें 12 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा रात करीब 11:30 बजे गंगा एक्सप्रेसवे के 202 किलोमीटर प्वाइंट पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अधिकांश यात्री सो रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके के साथ बस का टायर फट गया। टायर फटने से यात्री बस पलट गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर कई बार पलटी खाते हुए दूसरी ओर प्रयागराज जाने वाली लेन तक पहुंच गई। गनीमत रही कि बस नीचे नहीं गिरी, अन्यथा हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मूसाझाग, दातागंज समेत आसपास के थानों की पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अलग-अलग सीएचसी से एंबुलेंस बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भेजा गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बरेली रेफर किया गया है। हादसे में फतेहपुर जिले के निवासी अनुज की मौत हो गई। जिला अस्पताल लाए गए घायलों में एक ही परिवार के पंजाब निवासी संपत, बुद्धा यादव, गुनगुन, साहिल तथा फतेहपुर के खागा निवासी अर्जुन कुमार शामिल हैं। अर्जुन कुमार और खागा निवासी मेहर के दोनों पैर कट गए हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह भी घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
दातागंज इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह ने बताया कि बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours