किशोरी ने फांसी के फंदे पर झूलकर की आत्महत्या
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। नैनी थाना क्षेत्र के पीडीए कालोनी के सी ब्लाक में एक किशोरी फंदे से लटक कर जान दे दी। गुरुवार दोपहर हुई घटना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पिता की मौत के बाद से वह ननिहाल में रहती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यमुनापार में करछना थाना क्षेत्र के खाईं गांव निवासी रामकुमार गौर की कई वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। पिता की मौत के बाद उसकी 15 वर्षीय बेटी अंशिका नैनी थाना क्षेत्र के पीडीए कालोनी के सी ब्लाक में ननिहाल में रहती थी। उसने कक्षा पांच तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल जाना बंद कर दिया था।
गुरुवार दोपहर अंशिका घर के कमरे में जाकर रस्सी का फंदा बनाकर लटक गई। घटना के दौरान उसकी नानी घर पर नहीं थी। वापस लौटने पर उसे फंदे पर लटकता देख चिल्लाने लगीं। आसपास केकाफी लोग वहां एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा।
फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। इस संबंध में नैनी थाने के इंस्पेक्टर ब्रिज किशोर गौतम का कहना है कि जिस कमरे में किशोरी का शव फंदे से लटका मिला, वहां कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours