दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है- मंत्री
आंधी तूफान से पीड़ित परिवारों से मिले मंत्री स्वतंत्रदेव, 26 की हुई मौत
ओजस्वी किरण संवाददाता
प्रयागराज। प्रयागराज में 13 मई को आए भीषण आंधी तूफान ने भारी तबाही मचाई।
प्रयागराज सबसे ज्यादा प्रभावित जिला रहा, जहां 26 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जल शक्ति मंत्री एवं प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश में पहली बार इतनी तेज आंधी-तूफान देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में जाकर पीड़ित परिवारों से मिलने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा जिन परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें आवास सहायता और जरूरतमंद परिवारों को पेंशन योजना का लाभ भी दिया जाएगा। उन्होंने दैवीय आपदा में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
इस दौरान शंकरगढ़ क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर भी मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस बार कम बारिश की संभावना को देखते हुए सरकार पहले से सतर्क है। पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के लिए भरे हुए डैमों पर निर्भरता रहेगी। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण करने और पानी का सीमित उपयोग करने की अपील की।
पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के बढ़ते दामों पर मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर मंत्री और आम लोग ईंधन बचाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सेवा और विकास की राजनीति करती है तथा जनता लगातार भाजपा पर भरोसा जता रही है।

+ There are no comments
Add yours