छत के रास्ते हुई बड़ी चोरी : ₹30 लाख के जेवर पार,यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है

1 min read

छत के रास्ते हुई बड़ी चोरी : ₹30 लाख के जेवर पार,यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है

चोरों ने बड़ी चालाकी से घर की छत को अपना निशाना बनाया और अंदर घुसकर करीब ₹30 लाख की कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों और नगदी पर हाथ साफ कर दिया

ओजस्वी किरण संवाददाता

प्रयागराज। थरवई थाना क्षेत्र के दामोदरपुर उर्फ तिवारीपुर गांव में गुरुवार की रात छत के रास्ते घर में घुसे चोर लाखों रुपये के आभूषण और रुपये समेट कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने मौका मुआयना किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार थरवई थाना क्षेत्र के दामोदरपुर उर्फ तिवारीपुर गांव निवासी दयाराम यादव का पूरा परिवार गुरुवार की रात बिजली नहीं होने के कारण छत पर सो रहा था। चोर इसी का फायदा उठाकर छत पर चढ़ गए और सीढ़ी के सहारे घर के अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने बड़ी सफाई से कमरे में रखी आलमारी और बक्सों का ताला तोड़ा। उसमें रखे जेवर और रुपये समेट लिए। 

सुबह करीब पांच बजे दयाराम की पुत्रवधू श्वेता छत से नीचे उतरी। कमरे का सामान बिखरा और आलमारी खुली देखकर शोर मचाया। इस पर परिवार के सभी सदस्य छत से नीचे पहुंचे। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। 

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर सोने के दो हार, आठ अंगूठी, एक हीरे की अंगूठी समेत अन्य जेवर और 45 हजार रुपये ले गए हैं। आभूषणों की कीमत करीब 30 लाख रुपये है। दयाराम यादव के बेटे की हाल ही में शादी हुई थी, जिसके चलते घर में बहुओं और बेटियों के आभूषण रखे हुए थे। चोर बहुओं के साथ दो बेटियों के भी जेवर उठा ले गए। पीड़ित दयाराम का बड़ा बेटा रवि यादव मर्चेंट नेवी में है। छोटा बेटा कपिल यादव डॉक्टर हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours