राष्ट्रीय मंच पर प्रयागराज का गौरव बढ़ाया प्रो. (डॉ.)एस. पी. मिश्रा ने, त्रिपुरा में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन ‘लिवरकॉन-2026’ में एचएफटी ओरेशन अवॉर्ड से सम्मानित

1 min read

राष्ट्रीय मंच पर प्रयागराज का गौरव बढ़ाया प्रो. (डॉ.)एस. पी. मिश्रा ने, त्रिपुरा में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन ‘लिवरकॉन-2026’ में एचएफटी ओरेशन अवॉर्ड से सम्मानित

ओजस्वी किरण ब्यूरो

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एस. पी. मिश्रा को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन लिवरकॉन-2026 में एचएफटी ओरेशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान लिवर एवं पाचन तंत्र संबंधी रोगों के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान, उत्कृष्ट चिकित्सकीय सेवाओं, शोध कार्य तथा चिकित्सा शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

 

27 एवं 28 जून को आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के प्रमुख हेपेटोलॉजिस्ट, गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट एवं सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सकों ने भाग लिया। सम्मेलन में भारत में तेजी से बढ़ रहे लिवर रोगों, हेपेटाइटिस की रोकथाम, लिवर सिरोसिस, लिवर प्रत्यारोपण तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तृत वैज्ञानिक चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने आगाह किया कि यदि जीवनशैली से जुड़े जोखिम कारकों पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो भारत विश्व में लिवर रोगों का सबसे बड़ा केंद्र बन सकता है।

 

सम्मेलन के दौरान प्रो. (डॉ.) एस. पी. मिश्रा ने लिवर रोगों की समय पर पहचान, जन-जागरूकता, सामुदायिक स्तर पर हेपेटाइटिस नियंत्रण तथा आधुनिक चिकित्सा की भूमिका पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्हें चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं रोगी सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए एचएफटी ओरेशन अवॉर्ड प्रदान किया गया।

 

प्रो. (डॉ.) एस. पी. मिश्रा ने कहा, “अगरतला में आयोजित लिवरकॉन-2026 देश के प्रमुख लिवर विशेषज्ञों का महत्वपूर्ण वैज्ञानिक मंच है। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय रहा। लिवर रोगों की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए जन-जागरूकता, समय पर जांच, स्वस्थ जीवनशैली तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।”

 

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) ए. के. वर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “प्रो. (डॉ.) एस. पी. मिश्रा को राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने वर्षों से चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं रोगी सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। उनका सम्मान हमारे संस्थान की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय उत्कृष्टता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है। हमें विश्वास है कि उनकी उपलब्धियां युवा चिकित्सकों और विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरित करती रहेंगी।”

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours