नीमी गांव के मुर्गी फार्म में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की हुई मौत, दूसरा गम्भीर
ओजस्वी किरण ब्यूरो प्रयागराज
उतरांव प्रयागराज। उतरांव थाना क्षेत्र के नीमी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं दूसरे व्यक्ति का इलाज प्रयागराज के एस आर एन अस्पताल में चल रहा है जहां पर उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार नीमी गांव निवासी विनोद उर्फ मुलायम गुप्ता पुत्र बीदा प्रसाद ने अपने निजी खेत में पोल्ट्री फार्म खोल रखा है। पोल्ट्री फार्म पर दत्तेपुर थाना सराय ममरेज निवासी विसर्जन पुत्र बरसाती मुसहर को काम करने के लिए रखा हुआ है। शुक्रवार को ग्रामीणों के मुताबिक विनोद गुप्ता सुबह दूध देने के बाद अपने मुर्गे के पोल्ट्री फार्म पर चला गया। वहीं पोल्ट्री फार्म के बगल में गांव का एक किसान अपने गेहूं की फसल में दवा का छिड़काव कर रहा था मशीन में पानी खत्म होने के बाद जब उन्हें पानी की जरूरत हुई तो पोल्ट्री फार्म में जाकर उन्होंने आवाज लगाई।जब कोई नही बोला तो उसने अपने बेटों को बुलाया। किसान के बेटे ने पोल्ट्री फार्म के दरवाजा को खोलकर प्रवेश किया और देखा तो दोनों बेहोशी अवस्था में पड़े रहे। यह देखकर शोरगुल मच गया मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। वहीं दोनों को इलाज के लिए बलीपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए जहां डॉक्टर ने विसर्जन पुत्र बरसाती को मृत घोषित कर दिया। तथा विनोद उर्फ मुलायम के मुंह से झाग निकल रहा था। हालत गंभीर देखते हुए डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मृतक के घर पर पुलिस ने सूचना दे दी। मौके पर एसीपी हंडिया पंकज लवानिया, फॉरेंसिक टीम डॉग स्क्वाड पशु डॉक्टर की टीम पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी रही। पोल्ट्री फार्म चारों तरफ पॉलिथीन से ढका हुआ था लोगो ने अनुमान लगाया कि चारो तरफ से फार्म ढका होने से अंदर गैस बन जाने से मौत हो सकती है। वहीं पर लगभग 135 चूजो की भी मौत हो गई। संचालक विनोद उर्फ मुलायम का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। जहां पर उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष पंकज त्रिपाठी का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मामला कुछ सामने आएगा।

+ There are no comments
Add yours