इसरो PSLV-C62 से ‘अन्वेषा’ सैटेलाइट का आज प्रक्षेपण, सुबह 10:17 बजे होगी लॉन्चिंग
600 किमी ऊंचाई से झाड़ियों में छिपी गतिविधियों की भी ले सकेगा तस्वीरें, 2026 का पहला मिशन
ओजस्वी किरण डेक्स
आंध्र प्रदेश। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) आज एक और ऐतिहासिक उपलब्धि की ओर बढ़ रहा है। इसरो का भरोसेमंद प्रक्षेपण यान PSLV-C62 आज 12 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 10:17 बजे (भारतीय समयानुसार) आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरेगा।
इस मिशन के तहत ‘अन्वेषा’ नामक अत्याधुनिक पृथ्वी अवलोकन (Earth Observation) सैटेलाइट को लगभग 600 किलोमीटर ऊंचाई वाली सूर्य-समकालिक कक्षा (Sun Synchronous Orbit) में स्थापित किया जाएगा। यह मिशन वर्ष 2026 का इसरो का पहला अंतरिक्ष अभियान होगा।

इसरो वैज्ञानिकों के अनुसार, यह सैटेलाइट केवल सुरक्षा उद्देश्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे प्राप्त आंकड़ों का उपयोग आपदा प्रबंधन, पर्यावरण निगरानी, मौसम अध्ययन और नागरिक योजनाओं में भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि PSLV रॉकेट इसरो का सबसे सफल और भरोसेमंद प्रक्षेपण यान रहा है। PSLV-C62 मिशन के सफल होने से भारत की अंतरिक्ष आधारित निगरानी क्षमता और आत्मनिर्भर रक्षा तकनीक को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

+ There are no comments
Add yours