मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आज शाम 4 बजे तक लगभग 91 लाख लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई

1 min read

मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आज शाम 4 बजे तक लगभग 91 लाख लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई

संगम तट पर श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़, प्रशासन के अनुसार आज डेढ़ करोड़ तक पहुंच सकती है संख्या

ओजस्वी किरण ब्यूरो रिपोर्ट

प्रयागराज माघ मेले में मकर संक्रांति स्नान पर्व के अवसर पर आस्था का महासंगम देखने को मिल रहा है। संगम तट पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा मेला क्षेत्र हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार अब तक करीब 91 लाख श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं, जबकि दिन भर में यह संख्या डेढ़ करोड़ तक पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है।
सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालु “जय गंगा मैया” के उद्घोष के साथ स्नान करते नजर आए। संगम क्षेत्र में भारी भीड़ के चलते कई स्थानों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची, वहीं स्नान के बाद श्रद्धालु लेटे हनुमान जी के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

अखाड़ों के नागा संन्यासियों ने किया शाही प्रवेश

स्नान पर्व पर जुना अखाड़े के नागा संन्यासियों ने हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए घाटों पर पहुंचकर संगम में डुबकी लगाई। इस दौरान हाथों में तलवार-त्रिशूल व डमरू लिए संन्यासियों का अद्भुत दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन ने किए सख्त इंतजाम
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। अक्षयवट दर्शन को फिलहाल बंद कर दिया गया है, वहीं नावों का संचालन भी रोक दिया गया ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हादसे से बचा जा सके। संगम क्षेत्र में पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

पुलिस और कुछ संगठनों के बीच हुई झड़प की सूचना

मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के बीच भारतीय किसान यूनियन के कुछ कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प की भी सूचना सामने आई है। बताया गया कि इस दौरान धक्का-मुक्की हुई और एक युवक से मारपीट की घटना भी हुई। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे
✅ निर्धारित मार्गों का पालन करें
✅ घाटों पर धैर्य बनाए रखें
✅ अफवाहों से बचें
✅ प्रशासन के निर्देशों का पालन करें

मकर संक्रांति के इस महापर्व पर संगम तट पर उमड़ा यह जनसैलाब आस्था, परंपरा और सनातन संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश कर रहा है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours