यूपी दिवस-2026ः दिल्ली हाट में दिखेगी उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत तथा गौरवशाली इतिहास

1 min read

यूपी दिवस-2026ः दिल्ली हाट में दिखेगी उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत तथा गौरवशाली इतिहास

यूपी दिवस-2026 पर दिल्ली हाट में प्रदर्शित होगी उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता- जयवीर सिंह

ओजस्वी किरण ब्यूरों लखनऊ

लखनऊ।उत्तर प्रदेश पर्यटन द्वारा यूपी दिवस के अवसर पर 24 जनवरी 2026 की शाम 05ः30 बजे से राष्ट्रीय राजधानी स्थित दिल्ली हाट में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में बड़े पैमाने पर प्रवासी भारतीयों, 18-20 देशों के राजनयिकों, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उत्तर प्रदेश के विशिष्टजनों का आगमन प्रस्तावित है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस विशेष आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं और परंपराओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना है। 

मंत्री ने बताया कि यूपी दिवस-2026 के अवसर पर दिल्ली हाट को विकसित उत्तर प्रदेश की थीम पर सजाया जाएगा। आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश की विविध नृत्य शैली व परंपराओं को दर्शाती मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। पारंपरिक हस्तशिल्प की झलक तथा राज्य के विभिन्न अंचलों के प्रसिद्ध क्षेत्रीय व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मूल निवासी बड़ी संख्या में देश के विभिन्न राज्यों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, ऐसे महानुभावों को कार्यक्रम में सम्मानित भी किया जाएगा। 

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दुनिया के जिन देशों में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के लोग निवास करते हैं, चयनित 18-20 देशों के भारत में पदस्थापित प्रतिनिधियों को भी दिल्ली हाट में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। यह पहल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सशक्त करेगा। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी दिवस-2026 को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अहम पहल की है। प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता और प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय मंच से जोड़ने के उद्देश्य से सरकार ने विदेशों में भी यूपी दिवस को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी है। इसी क्रम में फिजी, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, सूरीनाम, सेशेल्स सहित लगभग 12 देशों में पदस्थ भारतीय राजनयिकों को पत्र भेजकर वहां यूपी दिवस के आयोजन को सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी दिवस मनाए जाने का उद्देश्य विदेशों में बसे प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों में अपने प्रदेश के प्रति गर्व, आत्मसम्मान एवं भावनात्मक जुड़ाव को और अधिक सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा। वहीं, लखनऊ को यूनेस्को के ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ नेटवर्क के अंतर्गत प्राप्त अंतरराष्ट्रीय पहचान के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। इस मंच के माध्यम से राज्य की व्यापक पर्यटन संभावनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि विश्व पटल पर भारत के सबसे महत्वपूर्ण राज्यों में से एक उत्तर प्रदेश की पहचान और अधिक सशक्त हो सके।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours