वॉलीबॉल के नेशनल प्लेयर की हॉस्टल में मिली लाश,स्पोर्ट्स एकेडमी में ले रहा था ट्रेनिंग

1 min read

वॉलीबॉल के नेशनल प्लेयर की हॉस्टल में मिली लाश,स्पोर्ट्स एकेडमी में ले रहा था ट्रेनिंग

ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में वॉलीबॉल के नेशनल लेवल के प्लेयर का शव हॉस्टल में मिला। वह अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (म्योहाल ) में ट्रेनिंग ले रहा था। मंगलवार सुबह 6 बजे जूनियर खिलाड़ी उसे बुलाने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा नहीं खुला। भीतर झांक कर देखा तो प्रत्युष बेहोशी की हालत में पड़ा था। सूचना पर कोच वीर सिंह और साथी प्रत्युष को लेकर बेली अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्युष के फूफा डॉक्टर संतोष ने बताया-सूचना मिली थी कि हॉस्टल का दरवाजा अंदर से नहीं बंद था। वहीं, कोच ने भी कहा कि हॉस्टल में बच्चे दरवाजा बंद नहीं रखते।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रत्युष राय मूल रूप से गाजीपुर जिले के सौरी गांव का रहने वाला था। वह करीब 4 साल से म्योहाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रहकर वॉलीबॉल की ट्रेनिंग ले रहा था। वह दो बार यूपी की टीम से नेशनल खेल चुका है। हॉस्टल में उसके साथ कमरे में रहने वाला रूम पार्टनर ऋषभ है, जो पिछले कुछ दिनों से अपने गांव गया हुआ था। प्रत्युष के पिता अवनी कुमार राय किसान, जबकि मां रीना राय गृहिणी हैं। सुबह करीब साढ़े 6 बजे परिवार वालों को बेटे की मौत की सूचना मिली। जिसके बाद सभी प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। वाराणसी से प्रत्युष के फूफा डॉ. संतोष भी सीधे पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। बेटे का शव देखकर मां बेसुध हो गईं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार जब हम हॉस्टल पहुंचे तो वहां किसी ने बताया प्रत्युष का शव जमीन पर पड़ा था। किसी ने बेड पर डेडबॉडी मिलने की बात कही। जबकि कोई कह रहा था कि प्रत्युष की डेडबॉडी दरवाजे के पास थी। अभी हम लोग कुछ नहीं कहना चाहते हैं। हम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे।

ज्ञात हो कि प्रत्युष का जूनियर एशिया कप के लिए चयन हो चुका था। जून जुलाई में यह प्रतियोगिता होनी थी। वह राजस्थान में जूनियर नेशनल खेल कर आया था। दिसंबर में गोरखपुर में राज्य स्तरीय महंत अवैद्यनाथ प्राइज मनी प्रतियोगिता में प्रत्युष की टीम विनर रही थी। वह टीम का बेस्ट प्लेयर भी चुना गया था। 

कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले को हर एंगल से जांचा जा रहा है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours