रिटायर दरोगा की पुत्रवधू फांसी के फंदे पर लटकी मिली

1 min read

रिटायर दरोगा की पुत्रवधू फांसी के फंदे पर लटकी मिली

ओजस्वी किरण ब्यूरों

प्रयागराज। शिवकुटी थाना क्षेत्र में एक रिटायर दरोगा की बहू सोमवार को फंदे पर लटकी मिली। स्कूल से आकर छह साल की बेटी पुकारती रही लेकिन दरवाजा नहीं खुला। परिवारवालों ने दरवाजे के सुराख से भीतर झांका तो बहू को फंदे पर लटका देख स्तब्ध रह गए। उसने ऐसा क्यों किया, फिलहाल यह सामने नहीं आ सका है। मायकेवाले रायपुर से आने के लिए चल दिए हैं। पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 32 साल की विभा पांडेय मूल रूप से मेजा की रहने वाली थी। उसकी शादी नौ साल पहले शिवकुटी के भुलई का पुरा में रहने वाले रोहित पांडेय से हुई थी। रोहित के पिता सुरेश पांडेय पुलिस विभाग में दरोगा के पद से रिटायर हैं। घर में रोहित का छोटा भाई, उसकी पत्नी, मां भी हैं। पुलिस के मुताबिक, रोहित ने बताया कि उन्हें किडनी की बीमारी है और वह मंगलवार को सुबह ही दवा लेने चले गए।
मां व भाई की पत्नी अपने काम में व्यस्त थीं। दोपहर में एक बजे के करीब पिता बेटी को स्कूल से लेकर घर आए और उसे छोडकर चले गए। बेटी कमरे में जाने लगी तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। वह मां-मां कहकर पुकारती रही लेकिन दरवाजा नहीं खुला।
उसकी आवाज सुनकर उनकी मां व भाई की पत्नी भी आ गईं। उन्होंने भी कई बार आवाज दी लेकिन दरवाजा नहीं खुला। जानकारी पर वह भी आ गए। दरवाजे के सुराख से भीतर झांका गया तो विभा फंदे पर लटकी दिखाई दी। किसी तरह दरवाजा खोला गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और फिर शव को मर्चरी भेजा गया।
पुलिस के अनुसार परिवारवालों से पूछताछ की गई लेकिन वह कोई वजह नहीं बता सके। पति ने बताया कि सुबह वह दवा लेने जा रहा था तब भी सबकुछ सामान्य था। पत्नी ने किसी तरह की परेशानी की बात नहीं बताई। उसके पास मोबाइल नहीं था।
शिवकुटी पुलिस के अनुसार मायकेवालों को सूचना दे दी गई है। फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने भी किसी तरह की बात नहीं बताई है। उनका कहना है कि सब कुछ ठीक चल रहा था। मंगलवार को मायकेवालों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours