एटीएम में फेविक्विक लगाकर 20 हजार निकाले
फर्जी हेल्पलाइन नंबर लगाया, कार्ड फंसा तो बैंककर्मी बन पिन जाना
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में एटीएम से ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने शातिराना तरीके से एक व्यक्ति के खाते से 20 हजार रुपए निकाल लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिंटो रोड के रहने वाले दुर्गेश प्रताप सिंह एक निजी सीमेंट कंपनी में अकाउंटेंट हैं। वह शाम करीब 7 बजे मनमोहन पार्क के पास स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसा निकालने गए थे। उन्होंने बताया कि मैं 3 फरवरी की शाम को एचडीएफसी बैंक के एटीएम में रुपए निकालने गया था। वहां मेरा कार्ड मशीन में ही फंस गया। फिर मैंने एटीएम केबिन में चिपके हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया। दुर्गेश ने बताया कि कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मी बताया। मुझसे एटीएम पिन डालने को कहा। मैंने सबके सामने पिन डाल दिया। फिर भी कार्ड नहीं निकला तो कथित बैंक कर्मी ने कहा कि अभी कार्ड नहीं निकलेगा, सुबह कैश वैन टीम आएगी तो कार्ड निकाल दिया जाएगा। इसलिए घर चले जाइए।
उन्होंने कहा कि मैं उसकी बातों में आ गया और वापस आने लगा। कुछ ही देर बाद मेरे मोबाइल पर खाते से 20,000 रुपए निकलने का मैसेज आया। मैसेज देखते ही मैं हैरान रह गया। तुरंत ही एटीएम वापस पहुंचा, केबिन के अंदर जाकर देखा तो मशीन में कार्ड नहीं था। फिर 4 फरवरी को बैंक पहुंचकर जानकारी की। वहां सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने एटीएम में लगा सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो पता चला कि दो युवक पहले एटीएम केबिन में पहुंचे। मशीन के पास एक फर्जी हेल्पलाइन नंबर चिपकाया। एटीएम के कार्ड स्लॉट में फेविक्विक लगा दिया, जिससे उसमें कार्ड फंस जाए। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैसे निकालने एटीएम पहुंचा। जैसे ही उसने कार्ड डाला, वह मशीन में फंस गया। काफी देर तक परेशान होता रहा। तभी कुछ लोग अंदर आए। उनके साथ ठग का दूसरा साथी भी अंदर आ गया और केबिन में चिपकाए गए नंबर पर कॉल करने को कहा।
फोन पर मौजूद पहले युवक ने खुद को बैंककर्मी बताया। पीड़ित से पिन नंबर डालने को कहा। पीड़ित को पिन डालते हुए दूसरे युवक ने देख लिया। काफी कोशिश के बाद भी जब कार्ड नहीं निकला तो पीड़ित कार्ड छोड़कर चला गया।
दोनों आरोपियों ने प्लास की मदद से कार्ड निकाल लिया और पिन की मदद से 20 हजार की चपत लगा दी।

+ There are no comments
Add yours