अबॉर्शन में हालत बिगड़ने पर प्रेमिका को छोड़कर भागा प्रेमी वेंटिलेटर पर 20 साल की प्रेमिका, तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। फाफामऊ थाना क्षेत्र में 20 साल की एक लड़की गर्भवती हो गई। गर्भपात कराने के लिए उसका प्रेमी लड़की को झोलाझाप डॉक्टर के पास ले गया। यहां गर्भपात के दौरान लड़की हालत बिगड़ने लगी। लड़की की हालत बिगड़ती देखकर प्रेमी मौके से भाग गया। बाद में घरवाले लड़की को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को प्रेमी रविराज और झोलाछाप समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पूरा मामला फाफामऊ थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फाफामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में युवक ने बताया कि रविराज मेरे घर आया-जाया करता था। इस दौरान ही मेरी बहन से नजदीकी बढ़ा ली थी। दोनों मिलने-जुलने लगे थे। इसी दौरान बहन गर्भवती हो गई।10 फरवरी को अचानक पेट में तेज दर्द होने लगा, तो उसने फोन से इसकी जानकारी रविराज को दी। रविराज ने उसे सोरांव बुलाया। कहा कि वह परिचित डॉक्टरों से इलाज करवा देगा। इसके बाद युवती को होलागढ़ के बारादरी बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में ले गया। यहां डॉक्टर सत्येंद्र पटेल और डॉक्टर राहुल पटेल ने जांच के बाद दवा दी। भाई का आरोप है कि दवा देने के कुछ ही देर बाद बहन की हालत बिगड़ गई। इसके बाद रविराज उसे छोड़कर भाग गया।
हालत गंभीर होने पर इसकी सूचना लड़की के परिजनों को मिली। मौके पर पहुंचे परिजन लड़की को सोरांव के एक अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बताया कि युवती का गर्भपात कराया गया है और उसकी स्थिति बेहद नाजुक है।
इसके बाद उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद पता चला कि युवती 4 महीने की प्रेग्नेंट थी। असुरक्षित तरीके से अबॉर्शन करने के दौरान ही उसकी बच्चेदानी पूरी तरह डैमेज हो गई और आंतों का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। उसे 10 फरवरी की रात में स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है।
फाफामऊ थाना अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह के मुताबिक, युवती के प्रेमी रविराज, डॉक्टर सत्येंद्र पटेल और डॉक्टर राहुल पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस क्लीनिक में कथित तौर पर अबॉर्शन कराया गया, वहां ताला लटका मिला। संचालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

+ There are no comments
Add yours