नकली सिंटेक्स पाइप फैक्ट्री का भंडाफोड़, मालिक पर एफआईआर
नकली पाइप के 87 बंडल और पाइप बनाने की डाई बरामद
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। औद्योगिक थाना क्षेत्र में बुधवार की रात सिंटेक्स कंपनी की नकली प्लास्टिक पाइप बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने प्लॉट संख्या जी-38 स्थित इस फैक्ट्री पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली पाइप और उन्हें बनाने वाली डाई बरामद की है।
यह फैक्ट्री इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट संख्या जी-38 में चल रही थी, जहाँ बनी नकली पाइपों को आसपास के क्षेत्रों में असली पाइपों के दाम पर बेचा जा रहा था। जब सिंटेक्स कंपनी के अधिकारियों को इस धोखाधड़ी का पता चला, तो उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई और तत्काल पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते समान बरामद किया और मुकदमा दर्ज किया है।
सिंटेक्स कंपनी के मैनेजर धीरेंद्र सिंह मामले की जानकारी मिलने पर जांच के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को नकली पाइप बनाए जाने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने प्लॉट जी-38 पर छापा मारा। यह प्लॉट राजेश कुमार जायसवाल पुत्र स्वर्गीय लालन प्रसाद जायसवाल का है।
पुलिस ने मौके से सिंटेक्स की नकली पाइप के 87 बंडल और पाइप बनाने की डाई बरामद की। बरामद सभी सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours