गूगल पे कस्टमर केयर बनकर ठगे 1.93 लाख
टिकट रिफंड का झांसा देकर एपीके फाइल डाउनलोड कराई, फिर मोबाइल हैक कर उड़ाई रकम
ओजस्वी किरण ब्यूरों
प्रयागराज। रिफंड के नाम पर साइबर ठगों ने कर्नलगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति से 1.93 लाख रुपए ठग लिए। गूगल पे कस्टमर केयर बनकर साइबर ठगों ने एपीके फाइल डाउनलोड कराई। इसके बाद 5 लोगों के अकाउंट से रुपए निकाल लिए। ठगी के शिकार हुए पीड़ित ने पुलिस को बताया, उन्होंने 24 दिसंबर की रात करीब 9:14 बजे दिल्ली से प्रयागराज की ट्रेन बुक की थी, फिर कैंसिल कर दी थी। टिकट का रिफंड न मिलने पर इंटरनेट पर कस्टमर केयर नंबर मिला। इस पर संपर्क किया। कुछ ही देर बाद दूसरे नंबर से उनके व्हाट्सएप पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को गूगल पे का प्रतिनिधि बताते हुए एक एपीके फाइल डाउनलोड करने को कहा। फिर 1.93 लाख रुपए ठग लिए। पूरा मामला कर्नलगंज के पुराना कटरा का है।
पुराना कटरा के रहने वाले सुनील कुमार ने बताया कि जैसे ही मैंने बताए गए निर्देशों का पालन किया, जालसाजों ने उनके मोबाइल का रिमोट एक्सेस ले लिया। इसके बाद उनसे गूगल पे और फोन पे ऐप खोलने को कहा। ठगों ने यह भी कहा कि ट्रांजेक्शन में समय लग रहा है और 24 घंटे में पैसा वापस हो जाएगा।
सुनील के अनुसार उनके मोबाइल नंबर से जुड़े परिवार के खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर कुल 1.93 लाख रुपये निकाल लिए गए। जब उन्होंने खाते से पैसा कटने की जानकारी दी तो आरोपी ने माफी मांगते हुए रकम वापस आने का आश्वासन दिया, लेकिन पैसा वापस नहीं आया।
इस मामले में सुनील ने कर्नलगंज थाने में लिखित तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। इस मामले में साइबर सेल को भी एक रिपोर्ट भेजी गई है। कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है उनका डिटेल निकलवाया जा रहा है। साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन डिटेल और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

+ There are no comments
Add yours