अन्न-जल त्याग कर धरने पर किसान, एसीपी के बयान से उठा नया सवाल।

1 min read

अन्न-जल त्याग कर धरने पर किसान, एसीपी के बयान से उठा नया सवाल।

इलाक्षी शुक्ला | उप संपादक

बारा प्रयागराज। यमुनानगर क्षेत्र के बारा एसीपी कार्यालय के सामने बुधवार सुबह दस बजे से भारतीय किसान यूनियन आज़ाद हिंद के किसानों ने अन्न-जल त्याग कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि संगठन से जुड़े लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, वहीं अवैध खनन, राखड़ और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है।धरने के दौरान जब मीडिया ने एसीपी बारा निकिता श्रीवास्तव से किसानों की मांगों को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मुकदमों को किसान “फर्जी” बता रहे हैं, वे जांच के बाद ही दर्ज किए गए हैं।एसीपी के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों की आपराधिक पृष्ठभूमि देखी जाए तो वर्ष 2020 में खीरी थाने में अवैध खनन के मामले में भी मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।

हालांकि, यहीं से विवाद का दूसरा पक्ष सामने आता है।किसान संगठन का कहना है कि जब धरना बारा एसीपी कार्यालय के सामने दिया जा रहा है, तो खीरी थाना क्षेत्र के पुराने मुकदमों का संदर्भ देना कितना तर्कसंगत है? किसानों का सवाल है कि क्या खीरी थाना की जांच और कार्रवाई की जिम्मेदारी बारा एसीपी की है, या यह अलग क्षेत्राधिकार का मामला है। सबसे बड़ा प्रश्न यह भी खड़ा हो रहा है कि क्या पूरे किसान संगठन को ही अपराधी के रूप में देखा जा रहा है? किसान नेताओं का आरोप है कि एक मामले के आधार पर पूरे संगठन की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है, जिससे भ्रम और असंतोष की स्थिति बन रही है। किसान संगठन का यह भी कहना है कि कथित घटना के 18 दिन बाद क्रॉस मुकदमा दर्ज किया गया।

संगठन ने सवाल उठाया कि क्या किसी कानून की किताब में यह प्रावधान है कि इतने दिन बाद नई धाराएं जोड़ी जाएं? यदि ऐसा है, तो उसकी निष्पक्ष जांच किसी सक्षम अधिकारी द्वारा स्वयं की जानी चाहिए। धरने पर बैठे किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक प्रयागराज से कोई उच्च अधिकारी मौके पर आकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन नहीं देता, तब तक अन्न-जल त्याग कर उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस बढ़ते तनाव को संवाद से सुलझाता है या किसानों की भूख हड़ताल और लंबी खिंचती है। फिलहाल, बारा एसीपी कार्यालय के सामने हालात संवेदनशील बने हुए हैं और हर पल की अपडेट पर सभी की नजर टिकी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours