चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में यूपी पंचायत चुनाव 2026 की बड़ी रणनीति तय
आरएलडी पंचायत चुनाव समन्वय समिति की दिल्ली में अहम बैठक, संगठन को बूथ से गांव तक मजबूत करने का आह्वान
ओजस्वी किरण ब्यूरों
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल की उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव समन्वय समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आज 25 तुगलक रोड, नई दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के कैंप कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता स्वयं चौधरी जयंत सिंह ने की, जिसमें उन्होंने समिति द्वारा अब तक किए गए कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2026 को लेकर व्यापक रणनीति और कार्ययोजना तय की।
इस अवसर पर चौधरी जयंत सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “राष्ट्रीय लोकदल पंचायत चुनाव 2026 को पूरी गंभीरता और पूरी ताकत के साथ लड़ेगा और गांव-गांव तक संगठन की मजबूत मौजूदगी सुनिश्चित करेगा।” उन्होंने महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर बदलाव की असली ताकत यही वर्ग हैं।
बैठक में उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव समिति के संयोजक डॉ. कुलदीप उज्ज्वल सहित समिति के सदस्य हवलदार यादव (बनारस), विकास कादियान (मुजफ्फरनगर), ठाकुर संतोष सिंह (भदोही) एवं रोहित प्रताप (मथुरा) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समिति को निर्देश दिया कि संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव केवल चुनाव नहीं, बल्कि किसान, महिला और युवा सशक्तिकरण की लड़ाई है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि राष्ट्रीय लोकदल पंचायत चुनाव को एक जनआंदोलन का रूप देगा और जमीनी स्तर पर मजबूत तैयारी के साथ मैदान में उतरेगा।
पार्टी नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में और संगठित रणनीति के बल पर राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2026 में ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगा।

+ There are no comments
Add yours