किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह को राष्ट्र प्रेरणा स्थल से बाहर रखना किसानों का अपमान : सुनील सिंह
ओजस्वी किरण ब्यूरों
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की स्थापना दिवस के अवसर पर लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने प्रदेश के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, कृषि, परंपरा और संघर्ष की आत्मा है।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन के संदर्भ में लोकदल अध्यक्ष ने राजधानी लखनऊ में स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल को लेकर एक महत्वपूर्ण मांग भी उठाई।
उन्होंने कहा कि इस स्थल पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो विभिन्न विचारधाराओं का प्रतिनिधित्व करती हैं।
लोकदल अध्यक्ष ने मांग की कि इसी राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किसानों के मसीहा, पूर्व प्रधानमंत्री और ग्रामीण भारत के सशक्त प्रहरी चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा भी स्थापित की जाए। यह न केवल किसानों के संघर्ष और योगदान का सम्मान होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश की वास्तविक आत्मा को मान्यता देने का कार्य भी होगा।
सुनील सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह उत्तर प्रदेश के किसान, मजदूर और गांव की आवाज़ थे। उन्होंने जीवनभर किसानों के हक और सम्मान के लिए संघर्ष किया। ऐसे महान नेता को राष्ट्र प्रेरणा स्थल से बाहर रखना प्रदेश के करोड़ों किसानों की भावनाओं को आहत करने जैसा है।
लोकदल अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि उत्तर प्रदेश दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की तत्काल घोषणा की जाए, ताकि प्रदेश का अन्नदाता स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर सके।
सुनील सिंह ने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी राजनीतिक द्वेष से प्रेरित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की सच्ची विरासत, किसान सम्मान और सामाजिक न्याय की भावना से जुड़ी हुई है।

+ There are no comments
Add yours