मांझे से हुई मौत पर सख़्त चेतावनी व मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग

1 min read

मांझे से हुई मौत पर सख़्त चेतावनी व मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग

ओजस्वी किरण ब्यूरों

लखनऊ। राजधानी में मांझे से हुई दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री से पतंगबाज़ी को लेकर सख़्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन और शौक़ के नाम पर हो रही लापरवाही अब लोगों की जान ले रही है, जो किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।

मयंक त्रिवेदी ने कहा कि पतंग उड़ाने पर या तो पूरी तरह रोक लगाई जाए या फिर इसे केवल खुले और सुरक्षित मैदानों तक सीमित किया जाए, ताकि सड़क पर चलने वाले राहगीर, दोपहिया वाहन सवार और आम नागरिक इस तरह की जानलेवा घटनाओं का शिकार न हों। 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाइनीज़ और कांच लगे खतरनाक मांझे पर सख़्ती से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को सख़्त चेतावनी दी जाए और प्रशासन यह स्पष्ट करे कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। मयंक त्रिवेदी ने कहा कि मृतक अपने पीछे दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है और उसका हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह उजड़ गया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।

रालोद मीडिया प्रभारी ने कहा कि यह घटना सिर्फ़ एक परिवार का नुकसान नहीं है, बल्कि पूरे समाज और प्रशासन के लिए चेतावनी है। यदि समय रहते सख़्त फैसले नहीं लिए गए, तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से कठोर नियम लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार की खुशियां इस तरह न उजड़ें।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours